मूरख तू जिएगा कब !

नींद से अब जाग तू
कर्म से मत भाग तू
मन में अब ठान तू
चुनेगा उत्थान तू

जीवन तो बहता जाए
कौन इसे बाँध पाए
जी ले यहाँ इसी पल तू
कहाँ ये वापस आए

जो होता है स्वीकार कर
सुख-दुःख अंगीकार कर
जो भी मिले अपना ले तू
अब व्यर्थ न विचार कर

यही क्षण है सबसे बड़ा
आज नहीं तो फिर कब
सोच में क्यों उलझा पड़ा
मूरख तू जिएगा कब !

जीत-हार

हार पर अपने अश्रु बहाऊँ क्यूँ
डर कर मैं यूँ रुक जाऊँ क्यूँ
एक रण ही तो हारा हूँ मैं
हिम्मत भी हार जाऊँ क्यूँ

विजय पर अपने इतराऊँ क्यूँ
जीत का जश्न मनाऊँ क्यूँ
जो पाया वो तो प्रसाद है
उपलब्धि अपनी बतलाऊँ क्यूँ

मैं कहाँ तेरे शहर में ठहर पाऊँगा

मैं कहाँ तेरे शहर में ठहर पाऊँगा
चलते-चलते वहाँ से गुज़र जाऊँगा

अब तुम करो या न करो याद मुझे
मैं रोज़ ही तेरा नाम दोहराऊँगा

ठहरूँ कहाँ, रुकूँ मैं किस मोड़ पर
दिल चाहे भी तो मैं निकल जाऊँगा

हर मोड़ ने मुझसे मेरा कुछ छीना है
टूटा हूँ ऐसा, अब तो बिखर जाऊँगा

मुसाफ़िर हूँ, क्या लौट कर आऊँगा
जो छूट गया उसे यहीं छोड़ जाऊँगा

वो था जो छूटा मेरा, डगर याद आ गया

वो था जो छूटा मेरा, डगर याद आ गया
जो ना था पूरा हुआ, सफ़र याद आ गया

ग़म की रातों में, तेरी याद आ गई
कल की बातों में, तेरी बात आ गई
भूला था मैं उसे, वो मगर याद आ गया

दूर इतना आ गया, सब पीछे रह गए
आ जाना लौट कर, वो मुझसे कह गए
हिचकी आई जब मुझे, घर याद आ गया

कितनी दूर निकल आए हैं

छोड़कर अपना सब कुछ पीछे
कितनी दूर निकल आए हैं

सपने थे कितने जीवन को लेके
उनको गिरवी रख आए हैं

गुज़रे कल के ख़यालों में
तन्हा चल कर आए हैं

राहों और सफ़र की यादें
दिल में भर कर लाए हैं

कंधों पर कुछ बोझ पुराने
ख़ुद ही ढोकर लाए हैं

पूछे मन हर मोड़ पे ख़ुद से
क्या राह सही चल पाए हैं

हमसे छूट गया जो उस डगर की याद आती है

हमसे छूट गया जो उस डगर की याद आती है

पूरा हो न सका जो उस सफ़र की याद आती है


दिन ढलते ही दिल में जब मायूसी छा जाती है

भूली हुई हर तस्वीर खुद-ब-खुद लौट आती है

उस शामो-सहर की, बामो-दर की याद आती है

हमसे छूट गया जो उस डगर की याद आती है


परदेस की इन राहों में जब मन भर आता है

हर अपना-सा चेहरा कुछ कहकर रह जाता है

घर से जाने के बाद मुझे घर की याद आती है

हमसे छूट गया जो उस डगर की याद आती है


नींद खुली आँखों में भी कुछ ठहर-सा जाता है

जो पाया न जा सका वही दिल को बहलाता है

ख़्वाब देखा था जो उस मंज़र की याद आती है

हमसे छूट गया जो उस डगर की याद आती है

मैं बहता रहा, मुझे ठहरना न आया

मैं बहता रहा, मुझे ठहरना न आया

हर किनारे ने मुझे बस आज़माया


देकर बाँहों का सहारा तुमने मुझे थामा था

गहराई को अपनी तब मैंने पहचाना था

बहने वाले को कब मगर रुकना आया

मैं बहता रहा, मुझे ठहरना न आया


न साहिल की चाह रही और न चाहूँ समंदर

तेरी यादों के संग बहूँगा मैं उम्र भर

हर बीता कल मुझसे जुदा होता आया

मैं बहता रहा, मुझे ठहरना न आया

Ek aur..

रस्ते ही रस्ते हैं यहाँ, कोई मन्ज़िल है कहाँ

भागते रहोगे जब तलक़, तुम रहोगे तन्हा

वो जो मन्ज़िल सी है वहाँ देखो पहुँच कर

एक और मन्ज़िल का रस्ता फिर मिलेगा वहाँ

--------------------

Aur bhi ...

चला हूं जब तक बतलाये पथ पर

सबने हृदय से स्वीकार किया

चयन किया स्वयम् पथ का जो मैंने

मुझे उसी जग ने दुत्कार दिया !

---------------------------

Aise Hi...

कभी सुख की गंगा में मैं तैरता रहा

तो कभी दुख की यमुना में डूबता पाया

जीवन रूपी संगम पे बैठा मुसाफ़िर

सरस्वती आनंद की पर ढूँढ न पाया

---------------------


मैं किस चीज़ से भाग रहा हूँ ?

मैं किस चीज़ से भाग रहा हूँ ?

हमारा एक दोस्त है। फ़ितरतन धारा के विरुद्ध बहने वाला। बेफ़िक्र, आज़ादी-पसंद और घुमक्कड़। कॉरपोरेट कल्चर कभी उसे रास नहीं आया। कई बार जॉब से ब्रेक ले चुका है। बार कारण पूछने पर बस ग़ालिब का एक शेर बुदबुदा देता 

फ़िक्र-ए -दुनिया में सर खपाता हूँ
मैं कहाँ और ये बवाल कहाँ !

अभी कुछ दिनों पहले उसने फिर ब्रेक लिया है। इस बार मैंने सीधे शब्दों में उससे पूछ लिया कि वह आखिर किस चीज़ से भाग रहा है ! आखिर क्यों बार-बार वह कॉरपोरेट छोड़ के निकल जाता है। लेकिन हर बार की तरह इस बार उसने वो घिटा-पिटा जवाब नहीं दिया पर एक लम्बा-चौड़ा सा उत्तर व्हाट्सअप पर भेज दिया। वही यहाँ शेयर कर रहा हूँ। 

------------
मैं किस चीज़ से भाग रहा हूँ ?


मैं किस चीज़ से भाग रहा हूँ ? जहाँ मैं खुद में स्थिर होकर नहीं रह पाता हूँ, वहाँ से मैं भागता हूँ। ऐसी जगहों और परिस्थितियों  से भागता हूँ जहाँ आप से उम्मीद की जाती है कि आप लगातार पागलों की तरह दौड़ते-भागते और उछलते-कूदते रहें, बिना थके बिना रुके। अचंभे की बात तो ये है कि वहाँ हर कोई ऐसे ही दौड़ रहा है। बहुत कुछ बहुत कम समय में कर लेना है और करते ही रहना है दिन, हफ्तों, महीनों और साल-दर-साल। आपको निर्देश दिए जाते हैं, आप से ढेर सारी अपेक्षाएँ की जाती हैं। जिधर और जिस गति से कहा जाए बस उधर, उतनी ही तेज गति से दौड़ जाना है। जो जितनी महत्वाकांक्षा से भरा है और जितनी तेज दौड़ सकता है, वह उतना ही काबिल, सफल और उपयोगी है। एक अजीब पागलपन है, व्यस्त रहने की कवायद है और दूसरों की तरह ही सबकी उम्मीदों पे खरे उतरना है। ऐसी जगहों में मैं स्वयं में होकर नहीं रह पाता हूँ। मैं ऐसी जगहों से भागता हूँ। 

ये बेमतलब की उछल-कूद, दौड़-भाग और व्यर्थ की कवायदें अपने आप को व्यस्त रखने के लिए ठीक हैं लेकिन ये आपको अंदर से पूरी तरह खोखला बना देती हैं और आप एक जिन्दा बेहिस लाश बन कर रह जाते हैं। जीने के मायने खो जाते हैं और आपका ह्रदय विषाद से भर जाता है। लगता है आप एक वर्तुल में घूम रहे हैं। हर दिन वहीं से शुरू होता है, कमोबेश एक जैसा ही बीतता है और फिर वैसे ही नीरस सा ख़तम हो जाता है। आप बेमन से एक व्यस्त दिन की शुरुआत करते हैं और फिर थक कर वापस घर को लौट जाते हैं।  ज़माने की नज़रों में आप एक बेहद सफल जीवन जी रहे हैं। एक के बाद एक सफलता की नयी सीढियाँ चढ़ते हैं। पर आपके अंदर के सूनेपन को कोई देख नहीं पाता है। आप इतना सब कुछ पाकर भी दुखी होंगे ये किसी की भी कल्पना से परे है।  मैं ऐसी व्यर्थ की व्यस्तता से भागता हूँ। हमेशा कुछ करते रहने की परेशानी, कुछ साबित कर लेने की बेचैनी और झूठी सफलता के दिखावेपन से भागता हूँ। मैं प्रतिस्पर्धा और महत्वाकांक्षा से भागता हूँ। जहाँ मैं स्वयं में होकर नहीं रह पाता हूँ, मैं ऐसी जगहों से भागता हूँ। 

संभावना

संभावना थी उसकी कुछ और होने की  

वह मगर कुछ और ही हुए जा रहा है 

आरज़ू थी उसकी कुछ और ही जीने की 

वह मगर कुछ और ही जिए जा रहा है 


# एक गुलाब की कली जिसकी संभावना गुलाब होने की थी पर उसकी तमन्ना कि वह कमल हो जाए। कमल तो वो हो न सकी क्योंकि कमल वो हो सकती न थी, गुलाब भी न हो पाई। 

गीता

सारी दुविधा, द्वंद्व, विषाद, संशय और प्रश्न अर्जुन के मन में है। दुर्योधन के मन में कोई दुविधा नहीं, कोई संशय नहीं। कृष्ण को भी कोई दुविधा नहीं है। अर्जुन की दशा हमारी दशा है। वह दुर्योधन की अवस्था को पार कर चुका है लेकिन अभी कृष्ण नहीं हुआ है। मनुष्य एक यात्रा पर है। यह दरअसल चेतना की यात्रा है। पशु से परमात्मा तक की यात्रा में मनुष्य एक पड़ाव है। मनुष्य यानि मन और मन यानि द्वंद्व, मन यानि संशय। अर्जुन हमारा प्रतिनिधि है। वह दुर्योधन की अवस्था को पार कर चुका है लेकिन विषाद से भरा हुआ है। गीता उसकी यात्रा है जिसमें कृष्ण उसके सारथि और मार्गदर्शक बनकर उसके साथ चल रहे हैं। कृष्ण एक ऊंचाई पर हैं जहाँ से वो अपनी बातें कर रहे हैं। उनका तल आत्मा का तल है। अर्जुन का तल शरीर का तल है, मन का तल है। अर्जुन को इस तल से उस शिखर तक की यात्रा करनी है जहाँ कृष्ण खड़े हैं। गीता एक यात्रा-गीत है। एक ऐसी यात्रा जो विषाद से शुरू होती है और मोक्ष पर समाप्त होती है। विषाद प्रथम अध्याय है। मोक्ष अंतिम अध्याय है। उसके आगे कुछ नहीं है। मोक्ष अर्जुन के तल का मिट जाना है। 

कुछ लोग कहते हैं कि गीता के केंद्र में कर्म है। उनका मानना है कि कृष्ण सिर्फ कर्म की बात करते हैं और सिर्फ यही एक मार्ग है। कुछ लोग भक्ति, ध्यान और ज्ञान को भी अलग मार्ग मानते हैं जो अपने आप में पर्याप्त हैं। और कुछ सब के समन्वयय को ही सही मार्ग बताते हैं। मुझे लगता है कि गीता का ध्यान चित्त की अवस्था पर है और इसकी प्रमुख शिक्षा चित्त को शांत करने की है। गीता के अनुसार जीवन का उद्देश्य अपने अंतिम और सर्वोपरि सत्य को जानना है और शांत चित्त उसकी प्रथम आवश्यकता है। 

कृष्ण कहते हैं कि उन्होंने हमेशा से दो मार्गों की बात की है - जिनका चित्त शुद्ध और मन शांत हो चुका है उनके लिए सांख्य योग और बाकियों के लिए कर्म योग।  सांख्य योगियों के लिए कर्म की अनिवार्यता नहीं है, लेकिन वो स्वेच्छा से कर्म कर सकते हैं। कर्म योगियों के लिए कर्म अनिवार्य है, तब तक जब तक कि उनका चित्त शांत नहीं हो जाता है।    

अर्जुन का ह्रदय विषाद, संशय और मोह से भरा हुआ है। उसके निर्णय करने की क्षमता और सही-गलत में चयन करने की शक्ति क्षीण हो गई है। चित्त अशांत और व्याकुल हो पड़ा है। कर्म करने वाले हाथ काँप रहे हैं। ऐसी दिशाहीन और दयनीय स्थिति में कृष्ण की बातें उसे रास्ता दिखाती हैं और कर्त्तव्य की दिशा में अभिमुख करती हैं। अर्जुन के रगों में बल का संचार होता है, चित्त शांत हो जाता हैऔर वह बिना किसी दुविधा के यथोचित कर्म करने को प्रेरित होता है। इस प्रकार गीता कर्म करने की प्रेरणा देती है। 

कर्म करते-करते इंसान शांत हो सकता है और वह वो पा सकता है जो पाने योग्य है। कर्म की पराकाष्ठा कर्त्ता के खोने में है। कर्त्ता धीरे-धीरे खो जाता है और वह अकर्त्ता में स्थापित हो जाता है। लेकिन इसकी एक शर्त है और वो शर्त ये है कि कर्म बिना किसी स्वार्थ के, बिना किसी लालसा के हो। और कर्म करते हुए चित्त में हर समय परमात्मा का ध्यान होना चाहिए। ऐसा चित्त धीरे-धीरे शुद्ध, शांत और स्थिर होने लगता है। कृष्ण इसे निष्काम कर्म कहते हैं जिसमें कर्म के फल की आकांक्षा नहीं हो। 

गीता स्वधर्म की भी बात करती है और कहती है कि कर्म स्वधर्म के अनुरूप हो। स्वधर्म यानि मनुष्य की प्रकृति या उसका अपना स्वभाव या गुण-धर्म। स्वधर्म एक तरह से व्यक्ति का टाईप है।  ये प्रकृति के तीन मूल गुणों के अनुपात से निर्धारित होता है।  अलग-अलग व्यक्तियों का टाईप अलग-अलग हो सकता है। जैसे रजस के प्रभाव से अर्जुन का स्वधर्म या टाईप क्षत्रिय है।  मूलतः चार टाईप बताये गए हैं - ब्राह्मण (सत्व की प्रधानता), क्षत्रिय (रजस की प्रधानता), वैश्य (रजस + तमस) और शूद्र (तमस की प्रधानता)। इसे वर्ण के नाम से जाना गया है लेकिन इसका मनुष्य के जन्म से कुछ लेना-देना नहीं है और सिर्फ उसके गुण-धर्मों के अनुसार ही तय किया जा सकता है। गीता कहती है कि अपना टाईप समझ कर हमें अपने कर्मों का यथासंभव विचारपूर्वक चयन करना चाहिए। ऐसा करने से कर्म ही उसका फल हो जाता है और फल की चिंता स्वयं गिर जाती है और अतः कर्म करते हुए उसका मन व्याकुल नहीं होता है।  

गीता नियत कर्म की भी बात करती है।  जीवन की परिस्थितियाँ हमें जिस जगह खड़ा करती हैं, वहाँ हमारे सम्मुख जो कर्त्तव्य हैं, वही हमारा नियत कर्म है और उसे करना हमारा धर्म हो जाता है।  इसलिए कृष्ण अर्जुन को युद्ध करने की प्रेरणा देते हैं क्योंकि ये उसका नियत कर्म भी है और स्वधर्म भी। 

कर्म के साथ-साथ कर्त्ता के चित्त की स्थिति कैसी है, ये भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कर्म के फल की चिंता से या स्वार्थ के लिए किया जाने वाला कर्म मन को अशांत करता है क्योंकि मन सदा परिणाम के बारे में सोचता रहता है।  बिना किसी निजी स्वार्थ के तहत किया जाने वाला और दूसरों के लिए किया जाने वाला कर्म मन को शांत और शुद्ध भी करता है।  

कर्म करते-करते मनुष्य को धीरे-धीरे अंतर्मुखी होने की चेष्टा करनी चाहिए। इसके लिए कृष्ण अभ्यास योग की बात करते हैं जिसमें अभ्यास के द्वारा मन को शांत किया जा सकता है। ये वही योग है जिसकी बात महर्षि पतंजलि अपने योग सूत्रों में करते हैं। अभ्यास से धीरे-धीरे मन की वृत्तियाँ शांत होने लगती हैं और सुषुम्णा से प्राण शक्ति प्रवाहित होने लगती है और योगी आनंद का अनुभव करने लगता है। वह धीरे-धीरे चेतना के ऊँचे स्तरों को छूने लगता है और पूर्ण परमानंद में स्थापित हो जाता है। योगी का अहंकार समाप्त हो जाता है, वह शुन्य हो जाता है और निर्विकार-निर्विचार की अवस्था में स्थित हो जाता है। कृष्ण कहते हैं - हे अर्जुन, तुम योगी बनो। 

गीता के अनुसार कृष्ण को भक्त भी प्रिय हैं। अच्छे भक्त की उन्होंने तीन विषेशताएँ बतलाई हैं - अपने इन्द्रियों पर नियंत्रण, हर परिस्थिति में शांत मन और सबके कल्याण के बारे में सोचने वाला ह्रदय। भक्ति के लिए आवश्यक शर्त समर्पण की है। भक्त स्वयं को खुद से बड़ी एक सत्ता के सामने समर्पण कर देता है। फिर भक्त अपने इष्ट में विलीन हो जाता है। उसकी इष्ट से पृथक सत्ता समाप्त हो जाती है, उसका अहंकार टूट जाता है। 

गीता को सही मायने में समझें तो हम पाएंगे कि कर्म, अभ्यास और भक्ति का सच्चा समन्वय ही जीवन का सही तरीका है। मानव जीवन का उद्देश्य मोक्ष है जो उसे जन्म और मृत्यु के चक्र से मुक्त कर दे।  यह एक लम्बी यात्रा है। कर्म, अभ्यास और भक्ति के रास्ते से चलते हुए चित्त की शुद्धि होती है, मन शांत होता है, मनुष्य अंतर्मुखी होने लगता है, मौन एवं एकांत भाने लगता है, तटस्थ होने लगता है, जीवन के सुख-दुःख से ज्यादा प्रभावित नहीं होता है, स्वीकार भाव आने लगता है, पाने की लालसा समाप्त हो जाती है, वैराग्य आने लगता है और संसार की व्यर्थता का बोध सघन होने लगता है। अपनी आत्मा में स्थित होकर उसे आनंद की अनुभूति होती है और मन की सारी आकांक्षाएँ बिना किसी प्रयास से स्वतः गिर जाती हैं। वह न सुख से उत्साहित होता है और न दुःख से ही विचलित। उसकी प्रज्ञा स्थित और स्थिर हो जाती है और वह स्थितप्रज्ञ की अवस्था को प्राप्त होता है। ठीक यही अवस्था एक भक्त, एक योगी या एक ज्ञानी की भी होती है। 

कर्म मनुष्य को अकर्त्ता में ले जाता है। योग का अभ्यास भी कर्म है जो धीरे-धीरे योगी को केवल्य में ले जाता है जब वह स्वयं खो जाता है और सिर्फ पुरष ही शेष रहता है। भक्ति भी कर्म से शुरू होती है। भक्त पहले इष्ट सगुण की पूजा, आराधना, भक्ति करता है और जैसे-जैसे उसके चित्त की शुद्धि होने लगती है और उसका व्याकुल मन ठहरने लगता है, वह निर्गुण भक्ति की ओर जाने लगता है और अंततः स्वयं को पूर्ण रूप से परमात्मा में विलीन कर देता है। ये द्वैत से अद्वैत की यात्रा है। 

कर्म और अभ्यास से जैसे मन शांत होने लगता है, मनुष्य की चेतना सूक्ष्मतर होती जाती है और उसे एक अदृश्य शक्ति का अनुभव होने लगता है। शांत हुआ मन धीरे-धीरे ध्यान में गहरा डूबने लगता है। साथ-ही-साथ शरीर की नेति घटने लगती है। विवेक की सहायता से वह समझने लगता है कि वह शरीर नहीं है, वह मन भी नहीं है, बल्कि इनका साक्षी है। फिर वो कर्म होते हुए देखता है। उसे आभास होने लगता है कि वह कर्म नहीं कर रहा है, उसके द्वारा या उसके शरीर के द्वारा कर्म हो रहा है। वह अकर्त्ता हो जाता है। वह निमित्त हो जाता है। वह वेदांत का अध्ययन करने लगता है जो उसकी स्वयं की अनुभूतियों से मेल खाती हैं और ये प्रमाण देती हैं कि उसकी यात्रा सही जा रही है। यह एक तरह से ज्ञान का मार्ग है जो धीरे-धीरे उसे अद्वैत की ओर ले जाती है। 

किसी भी मार्ग से यात्रा की जाए, मंज़िल एक ही मिलती है। ये मंज़िल है स्वयं को खोने की, अपने सत्य रूप के साक्षात्कार की। मैं, मन, आदि-आदि सब आत्म-अनुभव की आग में धू-धू हो जाते हैं। अर्जुन खत्म हो जाता है और उसके अंतर्मन में जो अंतर्यामी कृष्ण हैं, वही बिना किसी अवरोध के प्रकाशित होने लगते हैं। इसी की ओर इशारा करते हुए कृष्ण अर्जुन को कहते हैं कि तुम सब कुछ छोड़ कर मेरे पास आ जाओ। इसका अर्थ यह है कि अर्जुन जो इतना प्रयास कर रहा है, भटक रहा है, अपना मन कहाँ-कहाँ फँसाये हुए है, क्या-क्या हासिल नहीं करना चाहता है, वह सब करना छोड़ दे। और अपने रथ की बागडोर पूरी तरह से अंतर्यामी, जो स्वयं परमात्मा का अंश है, उसकी हाथों में सौंप दे। यही समर्पण मोक्ष है, यही सन्यास है। 

कृष्ण यहाँ मित्र हैं, सारथि हैं, गुरु हैं और परमात्मा भी हैं। कृष्ण परमात्मा हो चुके हैं जो हर मनुष्य की चेतना की अंतिम सम्भावना है। यही चेतना जो कृष्ण की चेतना है, हमारे ह्रदय के अंतरतम गहराईयों में अंतर्यामी बनकर प्रकाशित होती रहती है। इस तरह से गीता अपने घर वापसी की यात्रा है। 

याद आती है

 छूट गया जो हमसे मुझे उस डगर की याद आती है 

मुकम्मल हो सकता था जो उस सफर की याद आती है 

उस शामो-सहर की, उस बामो-दर की याद आती है 

घर से जाने के बाद मुझे अपने घर की याद आती है 

ख्वाब देखा था जिसका उस मंजर की याद आती है 

मुकम्मल हो सकता था जो उस सफर की याद आती है 


कबीर

प्रेम गली अति साँकरी, जा में दुई ना समाय

जब "मैं" था तब हरि नहीं, अब हरि है मैं नाय  

कबीर को समझा नहीं जा सकता है, हाँ कबीर हुआ जा सकता है। बिना कबीर हुए कबीर को जान नहीं सकते। 

मैं नहीं होता

प्रकृति का सौंदर्य 

हरे भरे पर्वत 

वादियों में उतरे बादल 

धीमी-धीमी बहती नदी 

और एकांत

शांत चित्त और मौन 

ये सब होते हैं 

मैं नहीं होता 


विस्तृत फैला आकाश 

क्षितिज पर उगता सूरज 

बाहें फैलाये हुआ समन्दर 

उठती गिरती लहरें 

और एकांत 

शांत चित्त और मौन

ये सब होते हैं 

मैं नहीं होता 

साधो सहज समाधि भली

साधो सहज समाधि भली 

साधो सहज समाधि भली 


जंतर-मंतर तू तो करदा 

मस्जद-मंदर तू तो फिरदा 

हलचल इतनी फिर क्यों अंदर 

चल दे अब तू होश गली 

साधो सहज समाधि भली 

साधो सहज समाधि भली


पूजा-सज्दा तू तो करदा 

काशी-क़ाबा तू तो फिरदा 

मन में दुःख इतना क्यों फिर 

चल दे अब तू प्रेम गली 

साधो सहज समाधि भली 

साधो सहज समाधि भली  


बाहर-बाहर मारा फिरदा 

सद्गुरु की तू एक न सुनदा 

बाहर की माया अब तज तू 

चल दे अब अंदर की गली 

चल दे अपने घर की गली 

साधो सहज समाधि भली 

साधो सहज समाधि भली  

आइडेंटिटी क्राइसिस - बुल्ला कि जाना मैं कौन !

मैं नहीं हूँ, सत् चित् आनन्द  है, और सर्वत्र है। 

इससे बड़ी कोई डिस्कवरी हो नहीं सकती। आग, बिजली, ग्रैविटेशन, रिलेटिविटी से बड़ी। सबसे बड़ी। और इसके लिए न कोई लैब चाहिए और न कोई टेस्ट-ट्यूब।  

डुआलिटी के दो प्रश्नों से आगे निकलने के बाद इस बात की अनुभूति होने लगती है। पहला प्रश्न तो ये होता है कि मैं ये माइंड-बॉडी या कंडिशन्ड पर्सनालिटी हूँ या फिर कोई और, जैसे कि आत्मा या कॉन्सियसनेस । दूसरा प्रश्न ये कि मैं जो भी हूँ वो दूसरों से और संसार से कैसे कनेक्टेड है, यानी कि यह एक है या अनेक ?  

आइडेंटिटी क्राइसिस, मतलब मैं कौन हूँ, कोई आज की नहीं, बल्कि एक बहुत पुरानी बीमारी है। तभी हमारे दर्शन और ग्रन्थ इसी से डील करते हैं। वेदांत या उपनिषदों के ज्ञान की योग-तंत्र के विज्ञान की सहायता से अनुभूति की जा सकती है। योग के निरंतर अभ्यास से जब मन शांत होने लगता है तो धीरे-धीरे अपने स्वरुप का आभास होने लगता है।  

योग 

यम-नियम, आसन, प्राणायाम और प्रत्याहार के निरंतर अभ्यास से जब चित्त की वृत्तियाँ शांत होने लगती हैं तो चित्त अपने स्वरुप में स्थित होने लगता है और फिर वहीं स्थिर होकर सुखी रहता है। 

उपनिषद् 

तभी तो हमारे ऋषियों ने एक उपनिषद् का नाम ही केन-उपनिषद् रख दिया था जिसने ये प्रश्न रखा कि केनेषितं पतति प्रेषितं मनः केन प्राणः प्रथमः प्रैति युक्तः।  

यन्मनसा न मनुते येनाहुर मनो मतम 

फिर शंकर ने कहा चिदानंद रूपः शिवोहम शिवोहम।  ईशोपनिषद ने कहा पूर्णम अदः पूर्णम इदं,  और ईशावास्यम इदं सर्वं। फिर योग ने इस कैवल्य तक पहुँचने का रास्ता बताया। 

रावण यानि "करना", राम यानि बस "होना"

रावण यानि "करना", राम यानि बस "होना" 

मन से रावण जो निकाले राम उसके मन में है। रावण यानि "करना" यानि सारी व्यर्थ की भाग-दौड़ और क़वायद, अतीत की निराशाएँ और भविष्य की चिंताएं। राम यानि बस "होना" यानि शान्त और मौन होकर पूर्ण सहजता से अपने में अभी और यहीं में स्थित हो जाना।  

करना जैसे क़ैदे-ज़ीस्त कोई, होना सारे ग़म से नजात जैसे। करना जैसे सीने में आग, सर पे जुनूँ, बेताबी, बेचैनी, छटपटाहट, जुस्तुजू।  होना लेकिन जैसे इन सब का न होना, जैसे चांदनी रात, उस रात का सुकूँ, घास में ठहरी शबनम की बूँद।  

रावण यानि दौड़ता-भागता मन यानि "मैं"। मैं का मरना यानि राम। इसी मरने के बारे में गोरखनाथ जी ने कहा "मरो हे जोगी मरो, मरो मरण है मीठा" और कबीरदास जी ने कहा "जिस मरने से जग डरे मेरो मन आनन्द, कब मरिहुँ कब भेटिहुँ पूरण परमानन्द"। राम यानि असीम, निराकार पूरण परमानन्द। मन से रावण जो निकाले राम उसके मन में है। 

शांत होना

सच पूछें तो असल मायनों में सबसे बड़ी सफलता चित्त का शांत हो जाना है। इस क्षण और अगले क्षण और आने वाले हर क्षण अगर आप शांत हैं तो आप जीवन में सफल हैं। आपकी उपलब्धियाँ चाहे जो भी हों या बिल्कुल ना हों और आपकी परिस्थितियाँ अनुकूल हों या प्रतिकूल, अगर आप शांत हैं तो आप सफल हैं। तमाम उपलब्धियों के बावजूद अगर आप अशांत हैं तो आप सफल होकर भी असफल ही हैं।  

अगर शांत होना है तो शांत होना पड़ेगा।  बिना शांत हुए शांत हुआ नहीं जा सकता है। अभी और यहीं शांत होना पड़ेगा, भविष्य में नहीं। प्रयास से नहीं, अप्रयास से। सारे क़यास, प्रयास और अभ्यास से मुक्त। शांत होने का प्रयास भी अशांति का कारण बन जाता है।  

इसके लिए सहज और सरल होना पड़ेगा। हर पल बिना प्रयास के, स्वाभाविक रूप से सहज होना पड़ेगा। बिल्कुल बेपरवाह, बिल्कुल बेफ़िक्र। कोई चिंता नहीं, कोई अपेक्षा नहीं, अपनी कोई मर्ज़ी नहीं, कोई स्वार्थ नहीं। जो हो रहा है, वह हो रहा है क्यूंकि वही होना था, उसे बस होने देना है, इस होने के बीच में खुद को नहीं लाना है। न उसे करने की इच्छा और न उसे न करने की इच्छा। न कुछ पाने की इच्छा और न कुछ छोड़ने की इच्छा। अपनी कोई मर्ज़ी नहीं, कोई चाह नहीं। जो रहा है, वही होना था, क्यूंकि वो होना ज़रूरी था। जो जैसा है उसे वैसा ही होना था और यही सबसे सुन्दर है। कुछ बदलने की ज़रूरत नहीं है। न किसी प्रयास की ज़रूरत है और न किसी प्रतिरोध की। 

समंदर की लहरों की भाँति मन हमेशा हलचल है। यह शांत होना नहीं चाहता और इसे जबरदस्ती शांत किया भी नहीं जा सकता है। पर शांत समंदर की तरह हमारा भी एक एक तल है जो बिलकुल शांत है, उसमे कोई हलचल नहीं। वहाँ ठहर कर होश से सब कुछ होते हुए देखते रहना चाहिए। होश बढ़ते-बढ़ते धीरे-धीरे हलचल कम होने लगती है और कहीं दूर होते हुए प्रतीत होती है। पहले हलचल है और उसके साथ बेहोशी है, फिर हलचल है और होश है और फिर होश ही होश है, बिना किसी हलचल के। 

मूरख तू जिएगा कब !

नींद से अब जाग तू कर्म से मत भाग तू मन में अब ठान तू चुनेगा उत्थान तू जीवन तो बहता जाए कौन इसे बाँध पाए जी ले यहाँ इसी पल तू कहाँ ये वा...